जिंदा हैं सुभाष चंद्र बोस! दिल्‍ली में डाल चुके हैं डेरा


सुभाष चंद्र बोस मिल गए हैं. वो जिंदा हैं और यहीं दिल्‍ली में हैं. देश के बिगड़ते हालातों से चिंतित और व्‍यथ‍ित आंदोलन की राह पर. आप कहेंगे मैं बौरा गया हूं. कुछ लोगों के अंदर का देशभक्‍त भी जाग गया होगा और मन ही मन कई गालियां टाइप हो गई होंगी. लेकिन जरा धीरज धरें...मन को शांत करें और जानें कि दिल्‍ली में कहां हैं हमारे बोस बाबू.

दरअसल, दिल्‍ली के रामलीला मैदान में एक अनशन चल रहा है. कुछ लोग यहां व्‍यवस्‍था परिवर्तन जैसे बड़े शब्‍द को लेकर भूख हड़ताल कर रहे हैं. 'कुछ लोग', इस लिए कि अगर सिर्फ अन्‍ना हजारे कहूंगा तो बाकी के 400 के करीब लोग जो भूख हड़ताल में शामिल हैं उनके साथ न्‍याय नहीं होगा. अगर नाम हो तो सबका हो, न हो तो किसी का नहीं.
खैर, आपको 'नेता जी' के बारे में बता रहा था. तो मैं और मेरे एक साथी इसी अनशन के दूसरे दिन रात को धरना स्‍थल (रामलीला मैदान) पहुंचे. जब हम यहां पहुंचे तो रात के करीब 1 बज रहे थे. प्रदर्शनकारी दिन भर की झूम झाम से थक हार कर सो चुके थे. हमने इधर-उधर की तस्‍वीरें खींची और फिर धरना स्‍थल पर कुछ लोगों के बीच जा कर बैठ गए. ये लोग दूसरे प्रदर्शनकारियों की तरह सो नहीं रहे थे. बल्‍कि 2-4 लिस्‍ट बनाने में लगे थे. हमने इनसे पूछा कि ये क्‍या है तो उसकी कहानी भी बताई गई.

(ध्‍यान रहे- सुभाष बाबू का पता मिलने ही वाला है. यहां से लौट गए तो फिर न पाओगे. ये कहानी बताना भी उतना ही जरूरी है. जितना नेता जी का मिल जाना. तो थोड़ा वक्‍त और दिया जा सकता है!)

आगे बढ़ते हैं...उन्‍होंने बताया कि, वो लोग सीतापुर से आए हैं. किसी मताध‍िकारी संघ के लोग हैं और उनकी मांग है कि वोटर को अधिकारी का दर्जा दिया जाए, न कि वोट देन को दान से जोड़ा जाए. मतलब 'मतदान' शब्‍द की जगह 'मताधिकार' शब्‍द का इस्‍तेमाल हो. खैर, ये उनकी मांग है, वो समझ रहे होंगे इससे क्‍या बदलने वाला है. और नाम बदलने की व्‍यवस्‍था तो पिछले 4 साल से चल रही है. विक्‍लांग-दिव्‍यांग हो गया, पेशाब घर को 'इज्‍जत घर' बना दिया गया. इससे बदला क्‍या पता नहीं.

जाने दीजिए, हम आते हैं अपनी बात पर...इन प्रदर्शनकारियों से उनके संघ के बारे में जानने के बाद, हमारी नजर उस लिस्‍ट पर गई. हमने पूछा ये क्‍या है? जवाब था- इन लिस्‍ट में उनके नाम हैं जो भूख हड़ताल करने वाले हैं. करीब 250 लोगों के नाम थे. मैंने कहा- आप सब सिर्फ एक मांग को लेकर इस हद तक प्रदर्शन करने आ गए. मतलब भूख हड़ताल जैसा तप.
यहीं से बात पलट गई और सुभाष बाबू का पता भी मिल गया. प्रदर्शनकारियों की ओर से हमें एक 20 पेज की पतली सी किताब थमाई गई. हमसे उसके अंतिम पेज पर कुछ पढ़ने को कहा गया. मैंने उसे पढ़ा तो उसमें बाबा जय गुरुदेव की वाणी लिखी थी. उसके मुताबिक, सीतापुर से एक लड़का निकलेगा और देश को बदल कर रख देगा. मैंने पूछा ये कौन हैं जो देश को बदलने वाले हैं. जवाब था-आपने गुमनामी बाबा का नाम सुना है? मैंने हैरानी से कहा- हां, क्‍यों?

इसके बाद प्रदर्शनकारियों में से एक ने कई तस्‍वीरें दिखाईं. इन तस्‍वीरों में वो गुमनामी बाबा जैसे दिखने वाले किसी शख्‍स के साथ था. उसका दावा था कि वो गुमनामी बाबा से मिला है. मैंने कहा- इससे क्‍या फर्क पड़ता है. ये सीतापुर से जो लड़का निकल कर देश बदलने जा रहा है ये कौन है? जवाब मिला- सुभाष चंद्र बोस.


मैंने चौक कर कहा- क्‍या, सुभाष चंद्र बोस? अच्‍छा मजाक है ये. इसपर एक प्रदर्शनकारी जो बड़ी लगन से ये सब बता रहा था उसने कहा- आपके सिर पर जितने बाल हैं उतने सवालों का मैं जवाब दूंगा और हर बार ये साबित होगा कि इस अनशन के पीछे गुमनामी बाबा हैं. और अब देश बदल कर रहेगा. हम लोग भी इसी लिए आए हैं.

सवाल अब भी कायम था- तो ये गुमनामी बाबा का सीतापुर कनेक्‍शन क्‍या है? मैंने पूछा- अच्‍छा तो ये सीतापुर वाला लड़का...ये कौन है? जवाब था- ये पीएन कल्कि हैं. मैंने कहा- मतलब आप कह रहे हैं कि पीएन कल्कि ही सुभाष चंद्र बोस हैं. प्रदर्शनकारियों ने कहा- हम कुछ नहीं कह रहे आप बस समझ लें. जब मैंने उनसे कहा- चलिए मान लिया कि काल्‍कि ही गुमनामी बाबा और सुभाष बाबू होंगे, लेकिन उम्र नाम की भी कोई चीज होती है. तो जवाब मिला- उम्र हमारे आपके लिए है. संत महात्‍मा उम्र पर भी काबू कर सकते हैं.

इतनी बातों के बाद हम समझ गए थे कि मामला अस्‍था का है. और यहां तथ्‍यों का कोई लेना देना नहीं. मैंने जब ये बात अन्‍ना आंदोलन से जुड़े एक साथी से बताई तो उन्‍होंने बताया कि, पीएन काल्‍कि का नाम पंकज है. और सीतापुर के इलाके में सेवा धर्म करते रहते हैं. शायद लोग इसी लिए उनको महात्‍मा समझ रहे हों. क्‍योंकि गांव जवार में अभी भी ये मानसिकता है कि कुछ अच्‍छा करने वाला हमेशा दैवीय शक्‍ति रखे होता है. शायद यही वजह रही हो. साथ ही वो एक दिन का मौन भी रखते हैं तो मौनी बाबा के नाम से भी उन्‍हें पुकारा जाता है.

खैर, इतना जानने के बाद भी सवाल कई थे. पहला सवाल कि जयगुरुदेव की वाणी को किताब पर छपवा कर क्‍यों बांटा जा रहा है. आखिर इससे क्‍या मिलेगा? और कल्‍कि से जुड़े लोग अगर उन्‍हें सुभाष चंद्र बोस कह रहे हैं तो उन तक भी ये बात गई होगी. उन्‍हें इन लोगों को समझाना चाहिए. अगर जानकर भी नहीं समझा रहे तो मुझे ये मामला राम राहीम सा लगता है. वो भी खुद को भगवान बना बैठा था.

अंतिम बात ये कि, आस्‍था के बल पर अनशन को खींचना जायज है क्‍या? आपके मुद्दे असल हैं, लेकिन लोग उतने ही नकली. कुछ असल लोग जुड़े हैं, लेकिन नकली लोगों के आगे वो भी खत्‍म हए जा रहे हैं. आप कहते हैं आपके अनशन में जान हो न हो, लेकिन मुद्दों में जान है. अगर ऐसा है तो लोगों तक इसकी पहुंच क्‍यों नहीं हो पा रही. कब तक ये नकली सुभाष और गुमनामी बाबा के बूते अनशन खींचा जाएगा. इससे तो अन्‍ना की छवि भी ध्‍वस्‍त हो जाएगी. मेरा मानना है, आस्‍था को मठों तक ही सिमित रखा जाए तो बेहतर, अगर बाहर आएंगी तो भ्रम ही फैलेगा.

Comments

Popular posts from this blog

जब पकोड़े के नाम पर भड़क गए 'हिंदू मोनू सिंह मोदी'

अच्छा तो पत्रकार हैं आप, दलाली तो खूब चर्राई होगी

'HAPPY NEW YEAR'...ये मैसेज निरस सा हो चला है