अच्छा तो पत्रकार हैं आप, दलाली तो खूब चर्राई होगी

अच्छा, तो पत्रकार हैं आप. अरे वाह, मने दलाली....भौकाल तो खूब होगा आपका. आज ये बात इस पेशे से जुड़ गई है. मुझे याद है लखनऊ में मैं जिस मोहल्ले में रहता था, वहां के रहने वाले छोटे बच्चे अक्सर मुझसे सावल करते कि आपकी गाड़ी पर प्रेस क्यों लिखा है? अभी मैं जवाब देने ही वाला होता तब तक उन्हीं में से एक कहता-अरे ये चेकिंग में पुलिस से बचने के लिए लिखा जाता है. मेरे पापा ने बताया है. 
ये तो बच्चों की बात है, लेकिन कुछ ऐसी ही छवि आम लोगों के बीच भी पत्रकारों की बन गई है. मुझे लगता है, इसकी सबसे बड़ी वजह न्यूज चैनल हैं. आज हर न्यूज चैनल एक एजेंडा के तहत काम कर रहे हैं. हम कब मीडिएटर/कम्युनिकेटर से एजेंडा सेटर बन गए पता ही नहीं चला. रोजान हर न्यूज चैनल का एक एंकर पक्ष में और दूसरा विपक्ष में बैठ जाता है और इसके बाद मीडिया का निष्पक्ष होने का दावा किया जाता है. साथ ही चीखने चिल्लाने वाली डिबेट्स से कुछ हासिल नहीं होता, अगर कुछ हासिल हुआ तो वो किसी काम का नहीं.
ऐसा भी नहीं कि सिर्फ न्यूज चैनल और एंकर्स की वजह से ये छवि बन गई. दरअसल, ये छवि हमने खुद बनाई है. जो पत्रकारिता कभी सेवा की कर्म भूमि थी, उसे हमने ही तो धन उगाही और फर्जी के भौकाल झाड़ने के चक्कर में खत्म कर दिया.
जब बात चली तो मुझे कुछ महीने पहले का एक किस्सा याद आ गया. मेरे एक दोस्त हैं, जो इसी पेशे से ताल्लुक रखते हैं. कुछ रोज पहले उनके दोस्त की बाइक पकड़ी गई. बाइक छुड़ाने के लिए खुद हमारे मित्र इंस्पेक्टर के पास गए. बताया कि फला संस्थान से हैं. और ये बाइक हमारी ही है. इंस्पेक्टर साहब ने बाइक छोड़ तो दी, लेकिन बड़े ही जलील करने के लहजे में कहा- आप लोेग ही ऐसा करेंगे तो बाकियों का क्या? हो सकता है ये बात उनके मन को न लगी हो, क्योंकि उनके सिर पर फर्जी का मीडिया नशा छाया हुआ है. और नशे में आदमी बेशर्म तो हो ही सकता है.
ऐसे ही लोग आज मीडिया में भरे पड़े हैं. डराने-धमकाने से लेकर पावर का झूठा भौकाल दिखाने का खेल चल रहा है. जो नए पौधे उग रहे हैं वो भी और जो वट वृक्ष के समान हैं वो भी इस खेल में लगे हैं. हाथ में माइक और गाड़ी पर प्रेस है तो आप राजा हैं! ये गलतफहमी कितनों को बीमार कर चुकी है. इसी बीमारी के साथ ये पत्रकारिता में संक्रमण फैला रहे हैं. पत्रकारिता के उद्देश्यों को भूल कर वो कर रहे हैं जो उनका उद्देश्य है. ये सेवार्थ नहीं लाभार्थ काम कर रहे हैं. और लाभार्थ के चक्कर में ये पत्रकारिता का मर्डर करने पर उतारू हैं.
मैं तो कहूंगा कि अगर आप में जरा सा भी घमंड है कि आप पत्रकार हैं और फला चीज उखाड़ लेंगे तो आप पत्रकार नहीं हैं. आप एक स्वार्थी, गुस्सैल, घमंड़ी किस्म के इंसान हैं. और हम सब जानते हैं कि ऐसे इंसान की जरूरत समाज को ही नहीं, मीडिया तो दूर की बात है.
लेकिन मामला बाजारवाद का है. और बाजारवाद में सब जायज है. ऐसे लोगों की जमात भी और इनके कारनामे भी. इस तरह वो दिन दूर नहीं जब बच्चों को पढ़ाया जाए कि पत्रकार मतलब दलाल, और गाड़ी पर प्रेस मतलब चेकिंग से छुटकारे का पास.

Comments

Popular posts from this blog

जब पकोड़े के नाम पर भड़क गए 'हिंदू मोनू सिंह मोदी'

'HAPPY NEW YEAR'...ये मैसेज निरस सा हो चला है