'HAPPY NEW YEAR'...ये मैसेज निरस सा हो चला है

‘अनार के रस को जूस कहते हैं, जो ग्रीटिंग नहीं देता उसे कंजूस कहते हैं।‘
‘वन ग्लास वाॅटर-टू कप बियर, ओ माय डियर हैप्पी न्यू इयर।’
इन लाइनों से कुछ याद तो आया होगा। साल का यही वक्त रहता, जब ये लाइनें आम हो जाया करती थीं। क्लास में दोस्तों से ग्रीटिंग कार्ड का लेन-देन करना ही एक मात्र लक्ष्य होता था। कौन आपको कार्ड देने वाला है और कौन नहीं इसका भी लेखा जोखा रहा करता। वो 50 पैसे वाली मिथुन-अमिताभ छाप ग्रीटिंग कार्ड थोक में खरीद ली जाती। कई बार इन ग्रीटिंग कार्ड का अदान-प्रदान इस लिए भी होता कि उसके पास जो कार्ड है वो हमें पसंद है और हमारे वाला उसे। तो म्यूच्यूअल अंडरस्टैंडिंग के तहत ये एक दूसरे को दे दिए जाते। साल के अंत तक ये कार्ड्स घरों में बिखरे रहते। कोई दोस्त छूटने न पाए इसका पूरा ख्याल रहता। एक-एक को चुन-चुनकर ग्रीटिंग देना और फिर उसपर ऐसी लाइनें लिखना कि वो भी देने को मजबूर हो जाए, ये उस वक्त के काम हुआ करते थे। इसमें से कई दोस्त (ये कई दोस्त गिने चुने होते) ऐसे होते जो 5 रुपए वाली ग्रीटिंग दिया करते। ये दोस्त रुपए-पैसों के मायनों में ठोस होते थे। मने अगर हमको महीने में 50 रुपए मिलते तो उनका खर्च यही 100-150 का होता। तो ये ठोस दोस्त जब 5 रूपए वाली ग्रीटिंग थमाते तो दिल गदगदा जाता। उन्हें रिर्टन में 50 पैसे वाला ग्रीटिंग कार्ड देना अच्छा तो न लगता, लेकिन फिर मन मसोस के दे देते, इस वायदे के साथ कि अगली बार 5 वाला ही देंगे।
इस तरीके हस्ते-खेलते हम नए साल का स्वागत करते। लेकिन आज तो मामला बिलकुले अलग हो चला है। दे मैसेज पर मैसेज। इतने मैसेज कि मैसेंजर उबिया गया है और वाॅट्सएप बेचारा फटने के कगार पर है। ये बुरा नहीं है, लेकिन इन मैसेज में वो अपनापन नहीं मिल रहा। सारे मैसेजखानापूर्ति से लग रहे हैं। बधाई देने को दी जा रही है, लेकिन बधाई के मायने नहीं है। 25 जगह से घूम कर जो बधाई मेरे फोन में टिमटिमा रही है, वही बधाई मैं अगले 25 लोगों को फाॅर्वड करने में लगा हूं। ये निरस सी बधाई कोई प्रभाव नहीं छोड़ रही। ये उसी गुड माॅर्निंग मैसेज सा है, जो बस भेजने को भेजा गया है। उसका न गुड से कोई मतलब है और न ही माॅर्निंग से कोई ताल्लुक। वो तो बस आया तो आगे बढ़ा दिया गया। ऐसे मैसेज का क्या फायदा। इससे तो बेहतर होता एक मैसेज आज ही टाइप कर लिया जाए। पूरी जिंदगी के जितने साल बचे हैं सबकी बधाई एक बार में दे दी जाए। ये मैसेज फाॅर्वड करने का चोचला भी निपट जाएगा।
मेरा इतना ज्ञान देने का मन नहीं था। क्यों कि मैं भी इस रोबोटिक दुनिया का ही एक हिस्सा हो चला हूं। मन से कम और वक्त से ज्यादा चलता हूं। समय कम है, और अपनों के लिए तो बिल्कुल ही कम। इस लिए बता रहा हूं कि अगर मेरा मैसेज आए या बधाई न दे पाऊं तो समझ लेना मैं भी इस निर्जीव दुनिया का हिस्सा हो चला हूं। मन से मरा हुआ एक जीवित प्राणि।

Comments

Popular posts from this blog

जब पकोड़े के नाम पर भड़क गए 'हिंदू मोनू सिंह मोदी'

अच्छा तो पत्रकार हैं आप, दलाली तो खूब चर्राई होगी