प्रेमिका के आंसू और मिट्टी होता प्रेमी का जिस्म

सुबह के 5 बजकर 25 मिनट हो रहे होंगे। नींद एक झटके में टूटी है। जैसे उस सपने ने अंदर से झकझोर दिया हो। उठते ही सबसे पहले लैपटाॅप पर हाथ गया। सोचा इसे लिख लूं क्योंकि ये जो सपने हैं इनका जेहन में कुछ देर का ठिकान होता है। फिर नजाने किस ओर को ये चले जाते हैं। सपना कुछ यूं था....
किसी अजीब सी जगह पर एक लड़की अपने प्रेमी से मिलने पहुंची है। ये बड़ी सूनसान सी जगह है। मातमी माहौल से भरी हुई जगह। कोई प्रेमिका भला ऐसे माहौल को क्यों चुनेगी। खैर ये उसका मसायल है। मेरे सपने में वो एक सफेद लिबास में नजर आ रही है। धुंधली सी, चेहरा छिपा हुआ है।
ये सपनों में ही होता है कि किसी का चेहरा नजर न आए। बस उसके वजूद का आभास भर हो। लेकिन इस लड़की को मैंने पहले कभी नहीं देखा। सो चेहरे से तो ये अंजान है ही, वजूद का आभास भी नहीं है।
ये प्रेमिका अपने प्रेमी से रूंधी हुई आवाज और नाराजगी भरे लहजे में मुखातिब है। उसकी नाराजगी इतनी है कि वो उससे कुछ कदम की दूरी बनाकर बैठी है। उनकी बातें कुछ ऐसी हो रही हैं-
प्रेमिका- तुम उस रोज बिन बताए चले गए। आखरी दफे मिल लेते तो क्या चला जाता।
प्रेमी- मिलने तो आया था। तुम्ही अपने उस छोटे से काम को पहाड़ सा बनाकर बैठी थी। तुमसे कहा भी कि मैं जा रहा हूं। तुमने सिर हिला कर मुझे जाने इशारा किया था।
प्रेमिका- लेकिन तुम रूक सकते थे। इतना तो समझदार बनते हो। उस दिन बस चल दिए।
प्रेमी- यार... मुझे तुम्हारी ये आदत समझ नहीं आती। तुम जाने को कहोगी तो रूकना कैसा। और आखरी दफे मिलना इत्ता जरूरी सा है क्या?
प्रेमिका- तुम्हे तो कभी कुछ समझ नहीं आता। मैं भला तुम्हे क्यों जाने को कहती। तुमने पूछा और मैंने हामी भर दी। सोचा था तुम्हे कुछ काम होगा। और हां, तुमने पूछा है तो बता दूं कि आखरी दफे मिलना जरूरी है। तुमसे कितनी बातें करनी थी उस रोज। सुबह चाय की प्याली से लेकर रात की नींद से पहले तक की तमाम बातें बिटोर रखी थीं मैंने।
प्रेमी- तुम्हारी बातें, वो चाय का जरूरत से ज्यादा मीठा होना और वो चाह कर भी नींद न लगने जैसी बातें। मुझे वो हर बात याद है, तुम कई दफे उन्हीं को दोहराती थीं। मैं तो बस तुम्हे देखने भर को तुम्हारी वो बातें सुना करता। तुम बस बोलती जाती, बोलती जाती और मैं तुम्हारे झुमको को तुम्हारे गालों से टकराते देखने में मश्गूल रहता।
प्रेमिका- अच्छा जी, तुम मुझे नहीं सुनते थे।
प्रेमी- तुम्हें नहीं सुनता तो किसे सुनता। लेकिन वो तुम्हारी झुमके... उनकी बात और है। वो कितना खुश रहते हैं तुम्हारे गालों से टकराकर। तुम्हे नहीं लगता ऐसा?
प्रेमिका- मुझे नहीं मालूम। और ये कैसी खुशबू लगा रखी है तुमने। गुलाबों वाली। तुम्हे मालूम हैं न मुझे इससे एलर्जी है।
प्रेमी- अरे मैं तो मना कर रहा था, लेकिन वो माने नहीं। मेरी कब्र में कई डलिया गुलाब की पंखुड़ियों को उझील दिया। अब ये महक उठी है। लेकिन तुम पेरशां न हो। ये पंखुड़ियां गल रही हैं। कुछ रोज में इसकी महक फीकी पड़ जाएगी। फिर मेरी असल गंध से तुम वाकिफ हो सकोगी। हम मिट्टी ही तो हैं, और ये ही हमारी गंध।
प्रेमिका- अच्छा। मुझे जाना होगा। इतने पास होकर भी यूं दूर बैठना मुझे सालता है। तुम लौट नहीं सकते क्या?
ये बात सुनकर आंख खुल गई है। अभी-अभी इसे लिखा और आॅफिस को तैयार हो रहा हूं। सोचता हूं, इस हिसाब के सपने क्यों होते हैं। प्रेम कहानी अधूरी क्यों होती हैं। इसमें हिज्र का मार्का जरूरी है क्या? सवाल कई और जवाब में सिर्फ प्रेमिका के आंसू हैं और मिट्टी होता प्रेमी का जिस्म।

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

जब पकोड़े के नाम पर भड़क गए 'हिंदू मोनू सिंह मोदी'

अच्छा तो पत्रकार हैं आप, दलाली तो खूब चर्राई होगी

'HAPPY NEW YEAR'...ये मैसेज निरस सा हो चला है